
नरेश तोमर, राजधानी लखनऊ के अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों में नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ कांग्रेस और सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। वहीं दूसरी ओर किसी भी स्थिति से निपटने के लिए जगह-जगह पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। मेरठ जिले में भी सपा के प्रदर्शन को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
कांग्रेस व सपा कार्यकर्ताओं ने विधानभवन में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के पास प्रदर्शन कर नागरिकता कानून व एनआरसी का विरोध किया। नागरिकता कानून पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्र सरकार का यह कानून भेदभाव पूर्ण है। इस देश ने कभी भी जाति व धर्म के आधार पर किसी से भेदभाव नहीं किया है। भाजपा की सरकार सिर्फ सत्ता पाने के लिए इस कानून को लेकर आई है। नागरिकता संशोधन कानून देश के खिलाफ है। बृहस्पतिवार रात को ही प्रदेश के डीजीपी ने चेतावनी जारी कर दी थी। उन्होंने वीडियो संदेश में भी अभिभावकों से बच्चों को प्रदर्शन में न भेजने की अपील की थी।