
नरेश तोमर, हैदराबाद में महिला पशु चिकित्सक के साथ रेप कर उसकी हत्या कर जलाने के आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। पुलिस का कहना है कि वह आरोपियों को लेकर घटना स्थल पर क्राइम सीन रीकंस्ट्रक्ट करने गई थी। इस दौरान चारों आरोपियों ने पुलिस से हथियार छीनकर भागने की कोशिश की। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस को गोली चलानी पड़ी जिसमें चारों आरोपी गोली लगने से ढेर हो गए।
शमशाबाद के डीसीपी प्रकाश रेड्डी के मुताबिक सायबराबाद पुलिस आरोपियों को क्राइम सीन रीकंस्ट्रक्ट करने के लिए मौके पर लाई थी। पुलिस घटना से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने के लिए यहां लाई थी। इसी बीच आरोपियों ने पुलिस से हथियार छीने और उनपर फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने उन पर गोली चलायी। आरोपी मोहम्मद आरिफ, नवीन, शिवा और चेन्नाकेशावुलू शादनगर के चटनपल्ली में पुलिस मुठभेड़ में आज सुबह मारे जाने का दावा किया गया।
इन सभी आरोपियों को पुलिस रिमांड में रखा गया था। पुलिस चारों आरोपियों को उसी फ्लाईओवर के नीचे ले गई थी जहां उन्होंने पीड़िता को आग के हवाले किया था।