
अलीगढ के गाँधी पार्क थाना क्षेत्र में एक इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र को पीटने आये एक बाहरी ग्रुप के लड़कों को कॉलेज के अन्य छात्रों ने घेर लिया। अपने आप को घिरता देख बाहरी लड़के अपने दोपहिया वाहनों को छोड़ भाग खड़े हुए। कॉलेज के छात्रों ने उन लड़कों की 2 बाइकों में आग लगा दी। घटना उस समय हुई जब कॉलेज से छुट्टी हुई थी। मौके पर सीओ ,इलाका पुलिस जांच कर रही है।
हीरालाल बारहसैनी अन्तर कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र अभिषेक के साथ कुछ बाहरी लड़कों का झगड़ा था। आज पहले बाहरी लड़के कॉलेज के अंदर आये और अभिषेक से झगड़ने लगे। कुछ अध्यापकों ने दोनों पक्षों को समझाया। इस पर बाहरी लड़के चले गए। लेकिन वो बाहर छात्र का इन्तजार करने लगे। कॉलेज में जब छुट्टी हुई तो बाहर अभिषेक को उन लड़कों ने घेर लिया। बाहरी लड़कों में से भी एक लड़का आकाश कॉलेज का ही छात्र है। अभिषेक और आकाश एक ही क्लास 12 में पढ़ते हैं और इस समय कॉलेज में एग्जाम चल रहे हैं। अभिषेक और आकाश के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। आकाश ने अभिषेक को पीटने के लिए बाहर से लड़के बुलाये थे। अभिषेक के साथ मारपीट होता देख कॉलेज के अन्य छात्रों ने उन बाहरी लड़कों को घेर लिया। इस पर बाहरी लड़के भाग खड़े हुए। उनके वाहन वही छूट गए। कॉलेज के अन्य छात्रों ने उनके दो वाहनों में आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस कॉलेज के सीसीटीवी को खंगाल रही है।
अजय कुमार
अलीगढ