
उत्तर भारत के बड़े हिस्से में ठंड का कहर जारी है। यहां तक कि नववर्ष की शुरुआत भी ठिठुरन भरी ठंड से ही होगी।और मंगलवार को भी इससे राहत नहीं मिली है. इससे पहले सोमवार को भी लोग ठिठुरते दिखे एक जनवरी तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। वहीं 31 दिसंबर और एक जनवरी को कोहरा भी छा सकता है।श्रीनगर में रविवार की रात में शून्य से 6.8 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया जो कि पिछले 11 साल में सबसे कम था। पर्यटकों के बीच मशहूर डल झील लगभग जम गई।
पंजाब के अमृतसर में भी तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को दिल्ली के लोगों ने भी कंपकंपाती ठंड में आंखें खोली। यहां, न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. पश्चिमोत्तर भारत में शीत लहर चलने की वजह से तापमान में यह गिरावट दर्ज की गई. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में न्यूनतम तापमान मौसम के औसत तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.
वहीं अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रविवार को अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान क्रमश: 22 डिग्री सेल्सियस और 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मंगलवार की सुबह भी बेहद सर्द मिली। अन्य दिनों की तुलना में कम लोग मॉर्निंग वॉक करते नजर आए। वहीं, दिल्ली के साथ एनसीआर के इलाकों, गाजियाबाद, फरीदाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम में कोहरा छाया हुआ है। कई जगहों पर विजिबिलिटी 50 मीटर तक पहुंच गई है। वहीं, इससे ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हो रहा है।