
गुरु पूर्णिमा इस साल 27 जुलाई को है, यह पूर्णिमा बेहद खास है, क्योंकि इसी दिन चंद्र ग्रहण भी लग रहा है। इसलिए इस चंद्र ग्रहण के मायने आम लोगों के जीवन में कई ज्यादा खास हो जाते हैं। 27 जुलाई को लगने वाले चंद्र ग्रहण की अवधि 3 घंटे 55 मिनट की होगी।
यह चंद्रग्रहण इस साल का सबसे लंबा चंद्रग्रहण होगा। ग्रहण 27 जुलाई की रात 11 बजकर 54 मिनट से शुरू होकर 28 जुलाई की सुबह 3 बजकर 5 मिनट पर खत्म होगा। चंद्र ग्रहण पर सूतक का समय दोपहर 2 बजे से शुरू हो जाएगा।
यह ग्रहण भारत, दक्षिण अमेरिका, अफ्रीका, पश्चिम एशिया, आस्ट्रेलिया और यूरोप में दिखेगा। इससे पहले 31 जनवरी 2018 को पहला चंद्रग्रहण लगा था। जुलाई के चंद्रग्रहण के लिए कहा जा रहा है कि यह ‘ब्लडमून’ होगा।
जानें आखिर क्या होता है चंद्रग्रहण ?
चंद्रग्रहण के दौरान पृथ्वी, सूर्य व चन्द्रमा के बीच आ जाती है और पृथ्वी की छाया चंद्रमा पर पड़ती है। चंद्र ग्रहण तब होता है जब सूर्य और चंद्रमा के बीच पृथ्वी इस प्रकार आ जाती है कि पृथ्वी की छाया से चंद्रमा का पूरा या आंशिक भाग ढक जाता है। इस स्थिति में पृथ्वी सूर्य की किरणों के चंद्रमा तक पहुंचने में रोक लगा देती है। इसके बाद पृथ्वी के उस हिस्से में चंद्र ग्रहण नजर आता है।