
रांची। चारा घोटाले में सजा काट रहे लालू यादव आज दिल्ली से रांची पहुंच गए हैं। रांची जेल में बंद लालू यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। जिसके बाद उन्हें रांची से दिल्ली शिफ्ट किया गया था, जहां पर दिल्ली के AIIMS में उनका इलाज चल रहा था। सोमवार को एम्स के डॉक्टरों ने बताया कि लालू यादव की तबीयत अब स्थिर है। उसके बाद उन्हें रांची के लिए रेफर किया गया।
हालांकि लालू यादव ने एम्स को एक पत्र लिखकर यह मांग की थी कि उनकी तबीयत अभी ठीक नहीं जिसके लिए उन्हें अभी दिल्ली से रांची शिफ्ट न किया जाए, क्योंकि रांची के मेडिकल कॉलेज में दिल्ली के एम्स जैसी सुविधाएं मौजूद नहीं हैं। लेकिन दिल्ली के एम्स में उनकी य़ह बात नहीं सुनी गई और उन्हें रांची भेज दिया गया।
लालू यादव ने यह आरोप लगाया कि उनके साथ साजिश की जा रही है और यह सब केंद्र सरकार के इशारे पर किया जा रहा है। अगर उन्हें कुछ हुआ तो इसके लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार होगी।
आपको बता दें, दिल्ली से राजधानी एक्सप्रेस से रांची जाते समय रात को लालू यादव की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद कानपुर सेंट्र रेलवे स्टेशन पर उनका मेडिकल चेकअप करवाय़ा गया।
रिम्स पहुंचने के बाद लालू यादव का मेडिकल चेकअप किया गया। उसके जांच करने वाले डॉकट्र मांझी ने बताया कि अब लालू यादव की तबीयत स्थिर है। सामान्यत तौर पर उनकी तबीयत ठीक है लेकिन उम्र की वजह से जो दिक्कतें हैं वो बनी हुई हैं।
चारा घोटाले में लालू यादव को हुई है सजा
लालू प्रसाद बहुचर्चित चारा घोटाले मामले में बिरसा मुंडा जेल में अपनी सजा काट रहे हैं। सीबीआई की विशेष अदालत ने दुमका कोषागार से अवैध निकासी से जुड़े मामले में अपना फैसला 5 मार्च को सुरक्षित कर लिया था। यह मामला दिसंबर 1995 से जनवरी 1996 के बीच दुमका कोषागार से 13.13 करोड़ रुपये फर्जी तरीके से निकालने का है।
लालू प्रसाद को चारा घोटाले से जुड़े पहले मामले में वर्ष 2013 में पांच वर्ष की सजा सुनाई गई थी। दूसरे मामले में लालू को 23 दिसंबर 2017 को दोषी ठहराया गया था और 6 जनवरी को साढ़े तीन साल कैद की सजा सुनाई गई थी। तीसरे मामले में उन्हें चाईबासा कोषागार से अवैध निकासी के लिए 24 जनवरी को दोषी ठहराया गया था और पांच साल की सजा दी गई। लालू के खिलाफ चारा घोटाले मामले में 6 केस दर्ज हैं, जिनमें से तीन मामलों में सजा सुनाई जा चुकी है। यह फैसला लालू प्रसाद से जुड़े मामले में चौथा है।