
हाल ही में त्रिपुरा के सीएम बिप्लव देब ने एक बयान दिया था, जिसमें उन्होंने महाभारत काल में इंटरनेट के मौजूद होने जैसी कई बातें कही थी। वहीं अब गुजरात के सीएम विजय रूपानी ने भी कुछ इसी तरह का बयान दिया है। दरअसल, रूपानी ने नारद को गूगल के समकक्ष खड़ा करते हुए कहा कि जैसे आजकल गूगल सब कुछ बता देता है, वैसे ही पहले के समय में भगवान नारद सभी चीज बता देते थे।
विश्व संवाद केंद्र और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में सीएम विजय रुपानी ने कहा कि ‘नारद भगवान सूचना के आदमी थे, ये बात आज भी प्रासंगिक है।’ उन्होंने कहा कि ‘जिस तरह दुनिया भर का ज्ञान नारद भगवान रखते थे, उसी तरह सूचनाओं का स्त्रोत आज गूगल भी है। वहीं विजय रूपानी ने ये भी कहा कि ‘ मानवता की भलाई के लिए सूचनाओं को एकत्र करना नारद का काम था। यही उनका धर्म था जिसकी काफी जरूरत भी थी। वहीं रूपानी ने लोकतांत्रिक देश में मीडिया की तटस्थ जरूरत भी बताई।
गुजरात के सीएम विजय रूपानी से पहले त्रिपुरा के सीएम बिप्लव देब ने भी कुछ इसी तरह का बयान दिया था। जिसके चलते वो खूब चर्चा में बने रहे। दरअसल, बिप्लव देब ने कहा कि अगर भारत के पास इंटरनेट की तकनीक नहीं होती तो संजय धृतराष्ट्र को महाभारत के युद्ध का आंखों-देखा हाल कैसे बताते।